नंगे बदन, कमर पर धोती बाँधे हुए, कंधे पर जनेऊ और बाएँ हाथ से दाहिनी ओर की मूँछ उमेठते हुए एक बलिष्ठ देहयष्टि वाले तेजस्वी नवयुवक की छबि आंखो के सामने उभरते ही याद आते है क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद।जहाँ कहीं उनकी मूर्ति भी स्थापित है,उनकी इसी छवि को मूर्तिमान किया गया है। वस्तुतः चंद्रशेखर आजाद की यही एकमात्र उपलब्ध तस्वीर है, जो उनके जीवन काल मे खींची गई थी।
इंटरनेट पर इस तस्वीर के संदर्भ में अनेक विवरण उपलब्ध है लेकिन भ्रमित करने वाले, इस तस्वीर के पीछे का सच आजाद के अभिन्न साथी रहे प्रसिद्ध क्रांतिकारी डॉ. भगवान दास माहौर ने बताया कि काकोरी-काण्ड के पश्चात् फरारी के दिनों में चंद्रशेखर आजाद लंबे समय तक झाँसी में मास्टर रुद्रनारायण के घर पर उनके छोटे भाई के रूप में रहे। उस वक़्त यही घर क्रांतिकारियों की शरणस्थली था, जहां पर क्रांतिकारियों की गुप्त बैठकें भी हुआ करती थीं।
एक दिन आजाद स्नान करके वे स्नानागार से बाहर आए, जिन्होंने श्वेत धोती कमर से लपेटी हुई थी, कंधे पर जनेऊ था ही, वे अपने बाल काढ़ते हुए कोई देशभक्ति का तराना गुनगुना रहे थे, मास्टर रुद्रनारायण ने अचानक कैमरा उठाया और बोले- पंडित जी, आजआपकी छवि बिल्कुल अलग लग रही है। एक फोटो खींच लूँ। आजाद जी ने टालते हुए कहा-अरे, नहीं, ऐसे नंगे बदन... रुको मैं कुर्ता तो पहन लूँ... मास्टर रुद्रनारायण रुकना नही चाहते थे, उन्होंने कहा-ऐसे ही अच्छे लग रहे हो, कुर्ता रहने दो।'....आजाद जी बोले- अच्छा नहाने से मूँछें बेतरतीब हो गई हैं, इन्हें तो ठीक कर लूँ- कहते हुए उन्होंने एक ओर मूँछ ठीक करके दूसरी मूँछ उमेठना शुरू की... मास्टर रुद्रनारायण सशंकित थे कि कहीं आजाद जी का मन अचानक बदल न जाए, उन्होंने चट से उस क्षण की मुद्रा को ही कैमरे में कैद कर लिया।.
बस वही आजाद जी की एकमात्र अकेली तस्वीर थी, जो उनके जीवन काल मे खींची गई थी। मास्टर रुद्रनारायण सक्सेना जी ने आजाद जी के इस चित्र को उनके जीवन काल मे किसी को नहीं दिखलाया, उनके बलिदान के बाद ही इसे सार्वजनिक किया। ...यह तस्वीर इतिहास की महत्त्वपूर्ण धरोहर बनी।
धन्य है वो महान कलाकार जिन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर आज़ाद को बुरे वक़्त में आश्रय दिया और देश को क्रांतिकारी चन्द्र शेखर आज़ाद की इस दुर्लभ तस्वीर उपलब्ध करवाई।